न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह के करीबी माने जाने वाले ओम प्रकाश सिंह से ED अधिकारियों की पूछताछ जारी है. बताया जा रहा है कि एलबी सिंह की व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े एक बैंक खाते का इस्तेमाल ओम प्रकाश सिंह के नाम पर किया गया था.
28 जुलाई की कार्रवाई में मिले दस्तावेजों से खुली नई कड़ी
ED ने 28 जुलाई को धनबाद में की गई छापेमारी के दौरान बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद ओम प्रकाश सिंह को पूछताछ के लिए समन भेजा था. इन दस्तावेजों में कुछ ऐसे बैंक खातों और कारोबारी लेनदेन से जुड़ी जानकारियां सामने आईं, जिनके आधार पर जांच एजेंसी ने ओम प्रकाश से जानकारी हासिल करने का फैसला किया. समन के अनुसार ओम प्रकाश सिंह तय समय पर ED कार्यालय पहुंचे और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की.
दूसरे के नाम पर खाते, संचालन किसी और के हाथ में होने का दावा
जांच एजेंसी की पड़ताल का एक अहम पहलू यह है कि कुछ खातों में कथित तौर पर ऐसी रकम जमा की जाती थी, जिसका सीधे तौर पर संबंधित खाताधारकों से मेल नहीं बैठता. इसके अलावा, ED यह भी जांच कर रही है कि खाताधारकों के नाम पर खुले इन बैंक खातों का वास्तविक संचालन कौन करता था. ओम प्रकाश सिंह का नाम भी इसी कड़ी में सामने आया है. जांच के मुताबिक, उसके नाम पर बैंक खाता खोला गया था, जबकि खाते के वास्तविक इस्तेमाल और नियंत्रण को लेकर एजेंसी दूसरे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- धनबाद: कोयला कारोबारी दीपक शर्मा को लगी गोली, अशर्फी अस्पताल में भर्ती; हालत गंभीर