राहुल सिंह/न्यूज11 भारत
रामगढ़/डेस्क: रामगढ़: रामगढ़ नगर परिषद एवं छावनी क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त, रामगढ़ श्री ऋतुराज द्वारा आज मुर्रामकला स्थित डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया गया. इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद Legacy Waste (पुराने जमा कचरे) के उठाव एवं निस्तारण को लेकर किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया.
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों से Legacy Waste के उठाव, परिवहन एवं निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि मुर्रामकला डंपिंग यार्ड में पड़े Legacy Waste की सफाई एवं निस्तारण का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए. उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए 30 दिनों के अंदर Legacy Waste की सफाई का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केवल डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण ही नहीं, बल्कि पुराने जमा कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण भी आवश्यक है. उन्होंने कचरे के संग्रहण, परिवहन एवं निष्पादन की पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
01 सितंबर से पुनः शुरू हुआ डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण
गौरतलब है कि नगर परिषद रामगढ़ क्षेत्र में 01 सितंबर 2026 से नगर परिषद रामगढ़ द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य पुनः प्रारंभ किया गया है. इसके माध्यम से घर-घर से नियमित रूप से कचरा संग्रहित कर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों से निकलने वाले कचरे को सड़क, नाली अथवा खुले स्थानों पर न फेंकें तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन को ही कचरा दें. साथ ही गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग करके देने की अपील की गई.
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर रामगढ़ के निर्माण में जिला प्रशासन एवं नगर परिषद के प्रयासों के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. सभी नागरिक स्वच्छता नियमों का पालन करते हुए अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें. मौके पर अधिशासी अधिकारी छावनी परिषद, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सहित अन्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: सदगुरु सदाफल देव विहंगम योग संस्थान के स्वर्वेद संदेश यात्रा के तहत विहंगम योग समारोह का आयोजन