विरेन्द्र शर्मा/ न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण थाना क्षेत्र में जीटी रोड NH-19 पर स्थित दनुआ घाटी में आज एक बार फिर मौत ने तांडव मचाया. चौपारण थाना क्षेत्र के दनुआ घाटी में तीन वाहनों की आपस में भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 30 फीट गहरी खाई में पुल के नीचे जा गिरा. हादसे में ट्रक चालक और उपचालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतकों की पहचान की कोशिश कर रही है.
स्थानीय आपात मित्र एंबुलेंस चालक शक्ति कुमार ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायलों को अपनी एंबुलेंस से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण पहुंचाया. CHC चौपारण सभी घायलों का इलाज चल रहा है. दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दनुआ घाटी के इस तीखे मोड़ और ढलान पर आए दिन हादसे होते हैं, इसीलिए इसे 'मौत की घाटी' भी कहा जाता है.
इसे भी पढ़ें: जामताड़ा: शराब से लदी पिकअप वैन पलटी, बोतल लूटने की मची होड़; चालक फरार