विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: पदमा प्रखंड के सूर्यपूरा में एक सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय महथा को दिनदहाड़े सड़क पर अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया. घायल शिक्षक को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है. सेवानिवृत्त शिक्षक के कमर में गोली लगी है.
बताया गया कि सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय महथा सुबह 8:30 बजे सूर्यपूरा मेडिकल चौक के पास दाढ़ी बनाने गये थे. दाढ़ी बनाकर पैदल घर वापस जाने के दौरान एक बाइक सवार अपराधी ने गोली चला दी. आरोपी बिना नंबर प्लेट की गाड़ी से हेलमेट लगाकर आया था. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
घटना की जानकारी मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. घटनास्थल पर लगा सीसीटीवी कैमरे की जांच कर हमलावर का पता करने की कोशिश की जा रही है. साथ ही आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: पिकअप की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम