न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के कई जिलों में इस समय अच्छी बारिश हो रही है. गुरुवार को भी कई स्थानों में अच्छी बारिश की खबर आई है. सबसे अच्छी 80 मिमी बारिश मधुपुर में रिकॉर्ड की गई है. हजारीबाग डीवीसी में 74 मिमी, कोनर डीवीसी में 55 मिमी, गारू में 53 मिमी, नन्दीडीह में 45 मिमी, पलामू के नौडीहा में 38 मिमी, कोलेबिरा में 35 मिमी डालटनगंज में 33 मिमी, सिसई में 29 मिमी, जरमुंडी में 28 मिमी और तोपचांची में 27 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. बारिश की गति बढ़ने से लोगों को गर्मी से निजात तो मिल ही रही है, लोग राहत की सांस भी ले रहे हैं. किसान भी चाह रहे हैं कि बारिश का यह क्रम जारी रहे ताकि उन्हें खरीफ की बुआई करने का मौका मिल जाए.
मौसम विभाग ने बारिश की जानकारी देते हुए झारखंड में 3 से 7 जुलाई तक मानसून की अच्छी बारिश होने की सम्भवना जताई है. साथ ही कहा कि कहीं-कहीं पर 30-40 किमी की रफ्तार की हवाओं, वज्रपात की घटनाओं के साथ मध्यम दर्जे से तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने मौसम का रुख देखकर सतर्कता बरतने की भी चेतावना जारी की है.
जहां तक तापमान की बात है तो पलामू के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश होने के साथ डालटनगंज में सबसे अधिक 35.4 डिग्री तापमान भी दर्ज किया गया है. लातेहार सबसे ठंडा जिला रहा. यहां पर न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया है.
रांची में पिछले 24 घंटे में मिलाजुला तापमान देखने को मिला. सुबह आसमान पर बादल छाए रहे, फिर धूप और बादलों की आंखमिचौनी के बीच शाम तक कई स्थानों पर बारिश भी हुई.
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में आज के बंद को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तौद, एसएसपी ने की बाइक पेट्रोलिंग