संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत
गावां/डेस्क: गावां स्थित बिजली कार्यालय परिसर में शुक्रवार को उपभोक्ता शिकायत शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे. इस दौरान उपभोक्ताओं ने बढ़े हुए बिजली बिल एवं बिजली कनेक्शन के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत करते हुए नाराजगी जताई.
ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों में केवल दो पंखा एवं तीन-चार बल्ब ही उपयोग होते हैं, इसके बावजूद 40 से 50 हजार रुपये तक का बिजली बिल भेजा जा रहा है. उपभोक्ताओं ने कहा कि इतनी अधिक राशि का बिल भर पाना उनके लिए संभव नहीं है.
शिविर में मुख्य रूप से सहायक विद्युत अभियंता प्रदीप राय उपस्थित थे. उन्होंने उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. साथ ही बिल सुधार एवं मीटर जांच की प्रक्रिया की जानकारी भी दी.
वहीं कई उपभोक्ताओं ने शिकायत करते हुए कहा कि नया बिजली कनेक्शन देने के नाम पर कुछ बिजली मिस्त्री द्वारा निर्धारित राशि से अधिक पैसा वसूला जाता है. ग्रामीणों ने इस पर रोक लगाने एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. शिविर में विभागीय कर्मी एवं बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: फूड सेफ्टी विभाग ने गावां में की छापेमारी, मिठाई में मिलावटी रंग के इस्तेमाल, असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर कार्रवाई