न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: एमएसएमई-विकास कार्यालय, एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार, रांची एवं सीएमपीडीआई, रांची के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय विक्रेता विकास कार्यक्रम (वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम) सह उत्पाद प्रदर्शनी-2026 का आयोजन 09 एवं 10 सितम्बर, 2026 को रबींद्र भवन, सीएमपीडीआई, रांची में किया गया. इस कार्यक्रम का उद्घाटन आज मुख्य अतिथि नीलेन्दु कुमार सिंह, सीएमडी, सीसीएल, रांची एवं विशिष्ट अतिथि चौधरी शिवराज सिंह, सीएमडी, सीएमपीडीआई, रांची, इंद्रजीत यादव, आई.ई.डी.एस., निदेशक, एमएसएमई-विकास कार्यालय, रांची, पंकज कुमार सिंह, मुख्य सतर्कता अधिकारी, सीएमपीडीआई, रांची, नृपेन्द्र नाथ, निदेशक (टी/सीआरडी), सीएमपीडीआई, रांची, अजय कुमार, निदेशक (टी/पी&डी), सीएमपीडीआई, रांची द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया.
केन्द्रीय सतर्कता आयोग द्वारा 17 अगस्त से 16 नवंबर, 2026 तक चलाए जा रहे सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत आयोजित इस विक्रेता विकास कार्यक्रम सह उत्पाद प्रदर्शनी-2026 के दुसरे दिन क्रेता-विक्रेता संवाद सत्र एवं तकनीकी सत्र में सीएमपीडीआई, युसीआईएल, सिडबी एवं मेकॉन लिमिटेड, रांची के अधिकारियों ने अपने विभागों द्वारा क्रय किए जाने वाले उत्पादों का पब्लिक प्रोक्योरमेंट पॉलिसी के तहत क्रय प्रक्रिया की जानकारी दी. एनएसएसएच/एनएसआईसी, रांची एवं एमएसएमई-विकास कार्यालय, रांची के द्वारा सामान्य, महिला एवं एससी/एसटी एमएसएमई उद्यमियों के लिए चलाई जा रही केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया. एमवनएक्सचेंज एवं इन्वायसमार्ट के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ट्रेड्स के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया.
इस कार्यक्रम का समापन समारोह 10.09.2026 को आयोजित किया गया. इस अवसर पर एमएसएमई-विकास कार्यालय, रांची के निदेशक, इन्द्रजीत यादव ने सभी सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों तथा सभी स्टॉलधारकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही इस कार्यक्रम को सफल बनाया जा सका. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बड़े उद्योगों एवं छोटे उद्योगों को एक-दूसरे के सामने लाना एवं उनके बीच समन्वय स्थापित करना था.
मनोज उपाध्याय, महाप्रबंधक (एमएम), सीएमपीडीआई, रांची ने प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि तकनीकी विकास के बिना किसी भी उद्योग का आगे बढ़ पाना कठिन है. उन्हें हर क्षेत्र में अपने आप को अपडेट करना होगा. उन्होंने सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तथा सीएमपीडीआई के साथ मिलकर विक्रेता विकास कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एमएसएमई-विकास कार्यालय, रांची को बधाई दी. उन्होंने सभी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से पब्लिक प्रोक्योरमेंट पॉलिसी का पालन करने का अनुरोध किया. उन्होंने आशा व्यक्त किया कि इस कार्यक्रम में शामिल होने से सूक्ष्म एवं लघु उद्यमी अवश्य लाभान्वित हुए होंगे.
कार्यक्रम के अन्त में सभी प्रतिभागी स्टॉल लगाने वाली इकाईयों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम गौरव, सहायक निदेशक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ सम्पन्न हुआ.
औद्योगिक प्रदर्शनी में 05 सार्वजनिक क्षेत्र एवं सरकारी उपक्रम तथा लगभग 15 सूक्ष्म एवं लघु उद्यम इकाईयों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जिसमें इकाईयों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया. लगभग 200 से ज्यादा एमएसएमई उद्यमियों ने तकनीकी सत्र में भाग लिया. वेंडर विकास कार्यक्रम सह उत्पाद प्रदर्शनी-2026 का सफल संयोजन गौरव, सहायक निदेशक, एमएसएमई-विकास कार्यालय, रांची द्वारा किया गया. कार्यक्रम के आयोजन में सुरेन्द्र शर्मा, सहायक निदेशक, संदीप सिंह, सहायक निदेशक, ज्योत्सना गुड़िया, सहायक निदेशक तथा सीएमपीडीआई के अधिकारियों एवं एमएसएमई-विकास कार्यालय, रांची कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा सहयोग किया गया.
यह भी पढ़ें- जर्मनी और ओमान के साथ नई तकनीक पर जल्द होगा झारखंड का समझौता: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी