न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शनिवार को निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की. बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राज्य में चल रहे पुनरीक्षण अभियान के तहत 29 जुलाई तक 'इन्यूमरेशन फेज' के सभी कार्यों को हर हाल में पूरा कर लिया जाए.
के. रवि कुमार ने कहा कि कुछ मतदाता झारखंड में निवास करते है, परंतु किसी कारण से अन्य राज्य जैसे बिहार एवं पश्चिम बंगाल के एसआईआर में वहां के मतदाता सूची में निबंधित हो गए हैं. ऐसे मतदाता यदि अपना नाम वर्तमान में झारखण्ड में चल रहे एसआईआर के क्रम में यहां के मतदाता सूची में स्थानांतरित करना चाहते हैं, तो वैसे मतदाता दावा-आपत्ति अवधि में 5 अगस्त के बाद, फॉर्म-8 एवं घोषणा-पत्र भरकर इच्छानुसार झारखण्ड की मतदाता सूची में अपना नाम स्थानांतरित कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से जुड़े यह आवश्यक है, इसके साथ-साथ मतदाता सूची की शुद्धता के लिए किसी भी मतदाता का नाम केवल एक विधानसभा क्षेत्र में एक बार ही अंकित हो इसकी डुप्लीकेसी नहीं हो इसे भी सुनिश्चित करना है जैसा जन प्रतिनिधित्व अधिनयम 1950 में प्रावधानित है.
समीक्षा के क्रम में के. रवि कुमार ने कहा कि इन्यूमरेशन फेज के अब केवल चार दिन शेष बचे हैं. राज्य के अधिकतर पात्र मतदाताओं ने फॉर्म भरकर जमा कर दिया है, लेकिन कुछ मतदाताओं के फॉर्म हस्ताक्षर न होने या अन्य विशेष कारणों से लंबित हैं. उन्होंने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर और हस्ताक्षर करके तुरंत अपने बीएलओ के पास जमा कराएं, जिससे ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन में प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम शामिल किया जा सके. उन्होंने कहा कि प्रत्येक इन्यूमरेशन फॉर्म के ऊपर बीएलओ का नाम एवं मोबाइल नम्बर अंकित है आवश्यकतानुसार बीएलओ से संपर्क कर अपना इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 1950 टोलफ्री अथवा ECINET के "बुक ए कॉल" माध्यम से मतदाताओं से आ रहे शिकायतों का त्वरित रूप से निष्पादन करें इसके साथ-साथ कॉल बैक कर यह सुनिश्चित भी करें कि उनके समस्या का समाधान हुआ है या नहीं. मतदाताओं के मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण से सम्बंधित सभी शंकाओं एवं पृच्छा को ससमय निष्पादित करना सुनिश्चित करें. इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग समीक्षा बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर और अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित ऑनलाइन माध्यम से राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, राज्य के सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा हेल्प डेस्क मैनेजर भी उपस्थित.
यह भी पढ़ें- कोयला तस्करी के खिलाफ सीआईएसएफ की और बड़ी कार्रवाई, लगभग 75 मीट्रिक टन कोयला जप्त