न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: मुहर्रम पर्व से पहले हुसैनाबाद शहरी जलापूर्ति योजना के तहत देवरी कला स्थित जलशोधन संयंत्र (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) में रविवार रात विवाद हो गया. संयंत्र में कार्यरत कर्मियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती और उनके कुछ समर्थकों पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए देवरी ओपी में लिखित आवेदन दिया है. वहीं अध्यक्ष ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. कर्मियों के अनुसार, नगर पंचायत के कनीय अभियंता आशीष कुमार ने फोन कर कर्मियों को संयंत्र पर तत्काल आने का जानकारी दिया. सूचना मिलने पर कर्मी अजय शर्मा, ललन कुमार और उदय कुमार संयंत्र पहुंचे, जहाँ पर नगर पंचायत अध्यक्ष अपने सहयोगियों के साथ मौजूद थे. कर्मियों का कहना है कि रविवार को निर्धारित अवकाश के कारण जलापूर्ति बंद थी, लेकिन इसी बात को लेकर अध्यक्ष और उनके समर्थक नाराज हो गए तथा गाली-गलौज व हाथा पाही की.
आरोप है कि इस दौरान कर्मी ललन कुमार को एक वाहन की डिक्की में बंद करने का भी प्रयास किया गया, हालांकि वह किसी तरह बाहर निकल आए. सूचना पर देवरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया. दूसरी ओर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने कहा कि भीषण गर्मी और मुहर्रम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वह संयंत्र पहुंचे थे. उन्होंने किसी भी प्रकार की मारपीट या दुर्व्यवहार के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि यदि कर्मियों की कोई समस्या है तो उसे प्रशासन के समक्ष रखना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यक सेवा होने के बावजूद रविवार को जलापूर्ति बंद रखना उचित नहीं है और कर्तव्य का निर्वहन नहीं करने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी.फिलहाल देवरी ओपी पुलिस आवेदन और बयान के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
