न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: नए साल से पहले झारखंड सरकार युवाओं को बड़ी सौगात देने जा रही हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज मंगलवार को संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा (CGL)-2023 में चयनित 1927 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. यह भव्य कार्यक्रम राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में दोपहर दो बजे आयोजित किया जाएगा.
मोरहाबादी मैदान में होगा नियुक्ति पत्र वितरण समारोह
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे. इस मौके पर चयनित अभ्यर्थियों को उनके-अपने पदों के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे.
इन पदों पर दी जाएगी नियुक्ति
सीजीएल-2023 के तहत चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में नियुक्त किया जाएगा. इनमें सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के 847 पद, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के 191 पद, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के 249 पद, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के 170 पद, अंचल निरीक्षक-सह-कानूनगो के 178 पद, कनीय सचिवालय सहायक के 288 पद और प्लानिंग असिस्टेंट के 4 पद शामिल हैं.
गौरतलब है कि सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता (CGL)-2023 की परीक्षा 21 और 22 सितंबर को आयोजित की गई थी. परीक्षा के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने अनियमितता का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद अदालत ने परिणाम प्रकाशन पर अंतरिम रोक लगा दी थी.
हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद जारी हुआ परिणाम
तीन दिसंबर को हाईकोर्ट ने अंतरिम रोक हटाते हुए याचिका का निष्पादन कर दिया. इसके बाद झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सीजीएल परीक्षा का परिणाम जारी किया, जिससे नियुक्ति प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया.
यह भी पढ़े: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, 80 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस