न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं के टाइम टेबल में आंशिक बदलाव किया है. बोर्ड के अनुसार, 3 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं अब निर्धारित तिथि पर नहीं होंगी और उन्हें नई तारीखों पर आयोजित किया जाएगा. यह निर्णय कुछ प्रशासनिक कारणों के चलते लिया गया है.
CBSE की ओर से जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि 3 मार्च को होने वाली परीक्षाओं के अलावा बाकी सभी परीक्षाएं पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी.
नई तिथियां क्या हैं?
संशोधित टाइम टेबल के मुताबिक, कक्षा 10 की वह परीक्षा जो पहले 3 मार्च 2026 को होनी थी, अब 11 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी. वहीं, कक्षा 12 की 3 मार्च वाली परीक्षा को आगे बढ़ाकर 10 अप्रैल 2026 कर दिया गया है.
कौन-से विषयों की परीक्षाएं थीं निर्धारित?
3 मार्च को कक्षा 10 में विभिन्न भाषाओं की परीक्षाएं प्रस्तावित थीं. इनमें तिब्बती, जर्मन, एनसीसी, भोटी, बोडो, तांगखुल, जापानी, भूटिया, स्पैनिश, कश्मीरी, मिज़ो सहित अन्य भाषाएं शामिल थीं. वहीं, कक्षा 12 में इसी दिन विधि अध्ययन (लीगल स्टडीज़) की परीक्षा आयोजित की जानी थी, जिसे अब लगभग एक महीने से अधिक समय बाद कराया जाएगा.
बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों को टाइम टेबल में किए गए इस बदलाव की जानकारी दे दी है. सीबीएसई ने बताया कि नए प्रवेश पत्रों में अपडेटेड टाइम टेबल शामिल होगा. साथ ही स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस सूचना को जल्द से जल्द छात्रों और अभिभावकों तक पहुंचाएं, ताकि परीक्षार्थी बिना किसी भ्रम के अपनी तैयारी की योजना बना सकें.
ये भी पढ़ें- आय से अधिक संपत्ति मामले में ACB की बड़ी कार्रवाई, धनबाद–रांची–कोडरमा में Tata Motors शोरूम पर एक साथ छापेमारी