न्यूज़11 भारत
राजधनवार/डेस्क: खोरीमहुआ अनुमंडल के जमुआ थाना क्षेत्र में लापता बीस वर्षीय युवक नीरज हाजरा की गुमशुदगी का मामला आखिरकार एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड में बदल गया. पुलिस जांच में जो सच सामने आया, उसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. प्रेम संबंध में बाधा बन रहे होने वाले दूल्हे को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमिका और उसके प्रेमी ने ऐसी साजिश रची कि नीरज की बेरहमी से हत्या कर शव बिहार के जंगल में फेंक दिया गया. इस बाबत खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने सोमवार को अनुमंडल कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुवे बताया कि भिखोडीह निवासी सुभाष हाजरा ने बीते पांच जुलाई को अपने पुत्र नीरज हाजरा के जमुआ चौक से लापता होने की सूचना थाना में दी थी. शुरुआती तौर पर गुमशुदगी का मामला दर्ज हुआ, लेकिन परिजनों द्वारा अपहरण की आशंका जताने पर आठ जुलाई को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार के निर्देशानुसार उनके नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस बिहार के जमुई जिले के बिचकोडवा थाना क्षेत्र स्थित बेला जंगल तक पहुंची, जहां मिला अज्ञात शव नीरज हाजरा का निकला. बताया कि एसआईटी टिम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड का प्रार्थमिक आरोपी सुभाष पासवान (थाना चंद्रमंडी, जिला जमुई, बिहार) और उर्मिला कुमारी (ग्राम गमतरिया, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त होंडा स्कूटी (JH11AS-0312) बरामद की गई. वहीं बिहार पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी जब्त किए हैं. पूरे अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ अमरेन्द्र कुमार ने किया. टीम में पुलिस निरीक्षक प्रदीप कुमार दास, जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव, एसआई रोहित सिंह समेत जमुआ थाना पुलिस और एसआईटी के जवान शामिल रहे.
शादी तय हुई तो प्रेमी के साथ रच दी मौत की
साजिश:- पुलिस पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. जांच में पता चला कि उर्मिला कुमारी का अपने ही जीजा सुभाष पासवान से प्रेम संबंध था. इसी बीच परिवार ने उर्मिला की शादी नीरज हाजरा से तय कर दी. शादी की बात दोनों प्रेमियों को नागवार गुजरी और उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर नीरज को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली. योजना के तहत नीरज की हत्या कर दी गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को बिहार के बेला जंगल में फेंक दिया गया. बताया कि इस हत्याकांड में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.