न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का कल बुधवार रात करीब 9 बजे रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया. उनके निधन की खबर सुनते ही राज्यभर में शोक की लहर दौड़ पड़ी. देर रात रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर मोरहाबादी स्थित गुरुजी आवास में लाया गया. आज गुरुवार को करीब 12 बजे रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार किया जायेगा. अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) में ही होगा.
मोरहाबादी स्थित गुरुजी आवास में रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए लगातार मंत्री-विधायक और तमाम राजनीतिक चेहरे पहुंच रहे हैं.
इधर गुरुजी आवास से बेहद ही भावुक करने वाली कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें मां को खोने के बाद सीएम हेमंत सोरेन फूट-फूटकर रोते नजर आ रहे हैं. पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. कई महिलाएं भी फूट-फूटकर रोती नजर आ रही है. मां के निधन के बाद सीएम ने एक बेहद ही भावुक पोस्ट भी सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें उन्होंने कहा कि "बाबा के जाने के बाद माँ ही मेरी सबसे बड़ी छाँव थीं. आज वह छाँव भी प्रकृति की गोद में समा गयीं".
मालूम हो बीते कुछ दिनों से रूपी सोरेन की तबीयत खराब थी. 18 सितंबर को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद 18 सितंबर को उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां बीते कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था. इसी बीच कल 7 अक्टूबर की रात उन्होंने अस्पताल में ही अंतिम सांस ली.