मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सीसीएल के केडीएच क्षेत्र में सीआईएसएफ की सक्रिय पेट्रोलिंग के चलते डीजल चोरी की कोशिश नाकाम हो गई. सीआईएसएफ के आसूचना बल के जवानों को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति डीजल से भरा गैलन सड़क पर फेंककर मौके से फरार हो गए. जवानों ने मौके से 26 लीटर डीजल बरामद किया.
जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ के आसूचना बल के सदस्य केडीएच एरिया समवाय क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे. इसी दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को तेल से भरा गैलन लेकर जाते देखा गया. संदेह होने पर जवानों ने उनका पीछा किया. जवानों को पीछे आता देख संदिग्ध केडीएच चेक पोस्ट से करीब 200 मीटर आगे सड़क पर गैलन छोड़कर भाग निकले.
घटना की जानकारी तत्काल सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एरिया एवं पिपरवार के कमांडेंट अमित कुमार को दी गई. उनके निर्देश पर बरामद गैलन को कब्जे में लेकर जांच की गई, जिसमें कुल 26 लीटर डीजल पाया गया. डीजल की कीमत 139 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से करीब 3,614 रुपये आंकी गई है.
आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद इंस्पेक्टर पंकज झा, इंस्पेक्टर रश्मि एवं उपनिरीक्षक अनिल कुमार राय ने बरामद डीजल को सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया.
सीआईएसएफ कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि कोयला चोरी के खिलाफ लगातार सख्ती के बाद अब चोरी में संलिप्त तत्व स्क्रैप, डीजल एवं अन्य औद्योगिक सामग्री को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं. इसे देखते हुए सीसीएल के संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाई गई है.
उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ का आसूचना तंत्र सक्रिय है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. सीसीएल की संपत्ति की सुरक्षा तथा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पेट्रोलिंग एवं आसूचना-आधारित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: लायंस क्लब की ओर से बोकारो थर्मल में किया गया शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन. शिक्षकों को किया सम्मानित