मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सीसीएल की संपत्तियों की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए चोरी की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया. पिपरवार क्षेत्र में चलाए गए विशेष एंबुश अभियान के दौरान सीआईएसएफ ने जंगल में छिपाकर रखे गए 22 कन्वेयर बेल्ट कैरिंग स्टैंड बरामद किए, जिनका कुल अनुमानित वजन करीब एक हजार किलोग्राम है. बरामद सामग्री को विधिवत प्राप्ति रसीद के साथ सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया.
सीआईएसएफ के अनुसार, 10 जुलाई की सुबह करीब 3:30 बजे डी कंपनी की क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) न्यू चेक पोस्ट–बेहरा मार्ग तिराहा के समीप जंगल में एंबुश पर तैनात थी. इसी दौरान करीब 3:50 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति कंधे पर कन्वेयर बेल्ट कैरिंग स्टैंड लेकर जाता दिखाई दिया. जवानों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह सामान छोड़कर घने जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया.
इसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया. सुबह उजाला होने पर सीसीएल स्टोर के पीछे जंगल के भीतर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए 22 कन्वेयर बेल्ट कैरिंग स्टैंड बरामद किए गए. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी स्टैंड सीसीएल के उस स्टोर से चोरी किए गए थे, जहां सीआईएसएफ की सुरक्षा तैनात नहीं है. बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया.
सीआईएसएफ ने बताया कि जिस स्टोर से चोरी हुई, उसकी क्षतिग्रस्त चारदीवारी, तारबंदी और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पूर्व में कई बार सीसीएल प्रबंधन को पत्र लिखकर आगाह किया गया था. बावजूद इसके आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए. खुले और असुरक्षित क्षेत्र का लाभ उठाकर चोर लगातार सीसीएल की संपत्तियों पर हाथ साफ करने का प्रयास करते हैं, लेकिन सीआईएसएफ की प्रभावी आसूचना, नियमित एंबुश और कड़ी निगरानी के कारण उनके मंसूबे लगातार नाकाम हो रहे हैं.
यह विशेष अभियान उप कमांडेंट दिनेश कुमार और सहायक कमांडेंट हर्ष लवानिया के नेतृत्व में चलाया गया. अभियान में निरीक्षक एल. एस. मिन्ज, सरोज कुमार शाह, उप निरीक्षक अनिल कुमार राय, अंजनी कुमार सहित डी कंपनी के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
सीआईएसएफ के कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि "सीसीएल की प्रत्येक संपत्ति राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है और उसकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है. कोयला, कबाड़ या किसी भी प्रकार की चोरी एवं अवैध गतिविधियों में शामिल माफियाओं और असामाजिक तत्वों के लिए इस क्षेत्र में कोई स्थान नहीं है. कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सीआईएसएफ पूरी प्रतिबद्धता के साथ सीसीएल की संपत्तियों की सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखेगी."
कमांडेंट अमित कुमार के नेतृत्व में सीआईएसएफ एनके एवं पिपरवार इकाई द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है. कोयला चोरी, कबाड़ चोरी और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार अंकुश लग रहा है तथा क्षेत्र में सक्रिय माफियाओं के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है. सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि सीसीएल की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान और अधिक सघन एवं प्रभावी ढंग से जारी रहेंगे.