मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: पिपरवार क्षेत्र में अवैध कोयला चोरी एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत शनिवार को Central Industrial Security Force की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोयला लदी एक मोटरसाइकिल जब्त की. यह कार्रवाई सीसीएल पिपरवार क्षेत्र के आरसीएम एरिया स्थित साइडिंग के पास विशेष संयुक्त एम्बुश अभियान के दौरान की गई.
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 5:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक उच्चाधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में गुप्त निगरानी एवं विशेष अभियान चलाया गया. अभियान का उद्देश्य अवैध कोयला तस्करी पर रोक लगाना, कोल परियोजना की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा कोयला चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना था.
इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को अवैध रूप से कोयला ले जाते हुए देखा. जवानों ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन घेराबंदी होते देख आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर अंधेरे और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों का लाभ उठाते हुए फरार हो गया. काफी प्रयास के बावजूद उसे पकड़ा नहीं जा सका.
घटनास्थल की तलाशी के दौरान अवैध कोयला लदी बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल (निबंधन संख्या JH01-1816) जब्त की गई. वाहन में अवैध रूप से कोयला परिवहन किया जा रहा था. सीआईएसएफ ने मोटरसाइकिल एवं कोयले को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. फरार आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है.
अभियान का नेतृत्व असिस्टेंट कमांडेंट हर्ष लवानिया ने किया. अभियान में इंस्पेक्टर संतोष बिन्हा, सब इंस्पेक्टर अनिल राय, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर किशन दास, क्राइम विभाग के विवेक कुमार झा, अतुल पंत सहित अन्य अधिकारी एवं जवान शामिल थे.
इस संबंध में सीआईएसएफ पिपरवार के कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि अवैध कोयला चोरी एवं तस्करी में संलिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि कोयला राष्ट्रीय संपत्ति है और इसकी चोरी राष्ट्रहित के खिलाफ गंभीर अपराध है. सीआईएसएफ एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाकर ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है.
कमांडेंट ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि अवैध कोयला कारोबार से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत सीआईएसएफ या स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
यह भी पढ़ें: किसान बेरोजगार संघर्ष मोर्चा ने री-एडमिशन एनुअल चार्ज के खिलाफ दिए आवेदन पर प्रशासन के सुध नहीं लेने पर नाराजगी जताई