न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मौसम का मिज़ाज अब पूरी तरह बदल चुका हैं. तेज धूप के बावजूद सुबह-शाम की ठंड लोगों को सर्दी की दस्तक महसूस करा रही हैं. राजधानी रांची समेत कई जिलों में अब लोगों ने गद्दा-रजाई निकालनी शुरू कर दी हैं. वहीं लातेहार में तापमान गिरकर 15 डिग्री तक पहुंच गया हैं.
रांची में खिली धूप, लेकिन सुबह-शाम ठंड का असर
पिछले 24 घंटे में रांची में एकदम साफ आसमान और तीखी धूप देखने को मिली. हालांकि सुबह के वक्त लोगों को शॉल और जैकेट में टहलते देखा गया. शाम 6 बजे के बाद हल्की ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया हैं. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं.
झारखंड से विदा हुआ मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड से अब मानसून पूरी तरह जा चुका हैं. किसी भी सिनॉप्टिक सिस्टम का प्रभाव राज्य में नहीं हैं. ऐसे में दिवाली और छठ जैसे बड़े त्यौहार साफ और खुशनुमा मौसम में मनाए जाएंगे.
लातेहार सबसे ठंडा, रांची में भी गिरा तापमान
लातेहार में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हैं. वहीं रांची में भी रात के तापमान में लगभग 5 डिग्री की गिरावट आई हैं. राज्य के अधिकांश जिलों में पारा अब 16 से 19 डिग्री के बीच पहुंच गया हैं. मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले कुछ दिनों में ठंड का असर और तेज महसूस होगा. आज के लिए मौसम विभाग ने किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया हैं. दोपहर में धूप निकलेगी लेकिन शाम के बाद ठंडी हवाएं चलेंगी. आसमान एकदम साफ रहेगा और दिनभर मौसम शुष्क बना रहेगा.
ध्रुवा डैम में खूबसूरत सनसेट का नजारा
रांची के ध्रुवा डैम से दिखने वाला सनसेट इन दिनों लोगों को खूब आकर्षित कर रहा हैं. बारिश के बाद अब आसमान साफ है और सूर्यास्त के समय डैम का नजारा बेहद मनमोहक दिखता हैं. शाम के वक्त यहां बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं. नेतरहाट और पूर्वी सिंहभूम जैसे इलाकों में भी सर्द मौसम के बीच पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई हैं.
यह भी पढ़े: दीपावली एवं छठ पूजा को लेकर सरकारी कर्मचारियों को 16 अक्टूबर से मिलेगा मासिक वेतन, वित्त विभाग ने जारी किया आदेश