राहुल कुमार/न्यूज11 भरत
चंदवा/डेस्क: पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देशन में गुरुवार को स्थानीय ख्रीस्त राजा विद्यालय के सभागार में चंदवा पुलिस द्वारा कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पुअनि अजीत कुमार एवं राकेश महतो ने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और विभिन्न कानूनों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बच्चों को शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह, बाल हिंसा, बाल शोषण, बाल मजदूरी तथा मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के विरुद्ध बनाए गए कानूनों के बारे में जागरूक किया.
इसके साथ ही छात्राओं और बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी समझाया गया, ताकि वे किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार की पहचान कर सकें और समय पर आवाज उठा सकें. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को कानून की जानकारी होना आवश्यक है, जिससे वे सही और गलत में फर्क कर सकें और अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें. उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों से भी समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया. इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: पिपरवार के बचरा साईडिंग में मजदूरों का आंदोलन हुआ शुरू, न्यूनतम मजदूरी की मांग को लेकर किया प्रदर्शन