प्रभात कुमार/न्यूज़11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: जितिया पूजा के दौरान कल मानगो नदी घाट पर डूबी 13 वर्षीय पूनम का शव आज रविवार सुबह बरामद किया गया. स्थानीय गोताखोरों ने आज सुबह नदी से बच्ची का शव बाहर निकाला. बच्ची का शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
जानकारी के अनुसार, कल शनिवार को जितिया पूजा के दौरान पूनम अपनी बहन के साथ मानगो नदी घाट पर स्नान करने गई थी. इसी दौरान दोनों बहनें नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं और डूबने लगीं. मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि पूनम तेज बहाव में बहकर लापता हो गई. NDRF बुलाने की मांग को लेकर कल ग्रामीणों ने पुल भी जाम किया था.
पूनम के लापता होने के बाद परिजन और स्थानीय लोग लगातार प्रशिक्षित गोताखोरों और विशेषज्ञ बचाव दल को बुलाने की मांग करते रहे. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि रविवार सुबह NDRF की टीम पहुंचकर नदी में तलाशी अभियान चलाएगी. आश्वासन मिलने के बाद देर रात जाम समाप्त कर दिया गया. आज सुबह स्थानीय गोताखोर की मदद से पूनम का शव बाहर निकाला गया.
इसे भी पढ़ें: बरवाअड्डा: मंदाकिनी उच्च विद्यालय मैदान के पास सब्जी मंडी में लगी भीषण आग, दर्जनों झोपड़ियां जलकर राख