न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के निर्देशानुसार पेशरार मंडल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम प्रखंड कार्यालय के समीप मंडल अध्यक्ष रामकुमार खेरवार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ. धरना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार की किसान विरोधी एवं युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्रखंड अधिकारी को सौंपा. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई.
धरना को संबोधित करते हुए भाजपा जिला मंत्री शुकूल राम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और युवाओं के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है. किसानों को समय पर खाद-बीज नहीं मिल रहा है, फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और युवाओं को रोजगार के नाम पर सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है. सरकार जनता को केवल गुमराह करने का काम कर रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं.
कार्यकर्ताओं ने “हेमंत सोरेन मुर्दाबाद”, “प्रखंड प्रशासन होश में आओ”, “पब्लिक को घुमाना बंद करो”, “पब्लिक का काम करना होगा” जैसे नारे लगाकर विरोध जताया. साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार किसानों और युवाओं की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंडल उपाध्यक्ष बनवारी सिंह, जमुना सिंह, सदस्य जग्गू तुरी, सुदर्शन खरवार, शुक्र खरवार, मटेश्वर उरांव, बलकेश पुरी, जगनी नगेसिया, आस्था नगेसिया, बिरनी उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: सरायकेला DC-SP की संयुक्त अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक हुई बंदियों की सुविधाओं एवं निगरानी व्यवस्था की समीक्षा