न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: झारखंड में JPSC, JSSC-CGL समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और छात्रों पर दर्ज मुकदमों के खिलाफ भाजपा ने राज्यव्यापी आंदोलन के तहत पाकुड़ में उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया. भाजपा ने शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों की जांच कराने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग की. प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने किया. कार्यक्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.
पाकुड़ के लड्डूबाबू आमबगान से भाजपा की रैली निकली, जो पाकुड़-दुमका मुख्य सड़क होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंची. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. डीसी कार्यालय पहुंचने के बाद सभा का आयोजन किया गया, जहां भाजपा नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर सरकार पर निशाना साधा. इसके बाद मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा गया.
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की गई और कार्रवाई करने के बजाय छात्रों पर ही मुकदमे दर्ज कर दिए गए.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, मारपीट के आरोपों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रही है. उन्होंने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने तक भाजपा का चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा.
बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर CBI जांच से बचने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच होने पर इसकी आंच मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच सकती है. उन्होंने सरकार पर युवाओं के भविष्य और प्रतिभा के साथ खिलवाड़ करने तथा नौकरियों की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए.
प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और छात्रों पर दर्ज मुकदमों के मुद्दे को लेकर भाजपा ने सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. पार्टी ने कहा है कि मांगों पर कार्रवाई होने तक उसका चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: भारत रत्न से सम्मानित वैज्ञानिक के नाम की स्पेलिंग में निकली गलती, चुनाव आयोग की ओर से SIR का मिल गया नोटिस