वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: बरही में नशे के सौदागरों के खिलाफ बरही पुलिस ने अब निर्णायक अभियान छेड़ दिया है. पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर रविवार 23 अगस्त को बरही में ब्राउन शुगर जैसे घातक नशे के विरुद्ध विशाल मोटरसाइकिल जागरूकता रैली निकाली गई.
एसडीपीओ बरही राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में दोपहर 12 बजे बरही चौक से रैली की शुरुआत हुई. रैली में पुलिस के 112 वाहन, सायरन और लाउडस्पीकर से लगातार नशामुक्ति का अनाउंसमेंट करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया गया. बाइक पर सवार जवानों और युवाओं का यह काफिला देखने लायक था.
इस अवसर पर एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने कहा कि बरही को नशामुक्त बनाना सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने कहा, "ब्राउन शुगर युवाओं की जिंदगी को बर्बाद कर रहा है. इसे जड़ से उखाड़ने के लिए सामूहिक प्रयास करना होगा."
रैली में आम नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया. गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, स्थानीय प्रतिनिधि और कई युवा पत्रकार भी बाइक रैली में शामिल होकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया.
पुलिस प्रशासन ने बरही वासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में इस नशामुक्त बरही अभियान से जुड़ें और कहीं भी नशे की खरीद-बिक्री की सूचना पुलिस को दें.
यह भी पढ़ें: मूसलधार बारिश में बह गई मुख्य सड़क, मरीजों को खाट पर ले जाने की मजबूरी