न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 9 वर्षीय नाबालिग बच्ची को तीन नाबालिग लड़कों द्वारा कथित रूप से गलत नीयत से झाड़ियों में ले जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद बच्ची अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान 10, 12 और 13 वर्ष उम्र के तीन नाबालिग लड़कों ने उसे कथित तौर पर पकड़कर झाड़ियों की ओर ले गए. इसी बीच वहां से बाइक से गुजर रहे एक युवक ने बच्ची की आवाज सुनी. युवक ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को झाड़ियों से बाहर निकाला.
घर पहुंचने के बाद बच्ची ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन हिरणपुर थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई.
मामले को गंभीरता से लेते हुए हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया और प्राथमिकी दर्ज की. पुलिस के अनुसार, मामले में कांड संख्या 60/26 दर्ज किया गया है. तीनों नाबालिगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.