मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सीसीएल पिपरवार क्षेत्र के कल्याणपुर चौक के समीप 18 अप्रैल शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया,जहां एक अज्ञात कोयला वाहन की चपेट में आने से एक पशु (खस्सी) की मौके पर ही मौत हो गई.मृत खस्सी कल्याणपुर निवासी सरोज देवी की बताई जा रही है.घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला.मुआवजे की मांग को लेकर भुक्तभोगियों ने सड़क जाम कर दिया,जिससे सड़क के दोनों ओर कोयला वाहनों की लंबी कतार लग गई.इस जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के करीब 22 घंटे बीत जाने के बाद भी किसी भी ट्रांसपोर्टर या संबंधित पक्ष द्वारा मौके पर पहुंचकर कोई पहल नहीं की गई है.इस लापरवाही से लोगों में नाराजगी और भी बढ़ गई है.लोगों ने कहा कि कोल वाहनों के परिचालन के कारण आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटना होती रहती है लेकिन इसके रोकथाम को लेकर किसी के द्वारा पहल नहीं की जा रही है.
इधर घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ मामले की जानकारी ली. पुलिस द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि जाम को हटाया जा सके.भुक्तभोगी सरोज देवी ने अपने नुकसान की भरपाई के लिए 40 हजार रुपये मुआवजे की मांग की है. फिलहाल प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन देर शाम तक समाधान नहीं निकलने की सूचना है.
यह भी पढ़ें: गढ़वा जिले के 34वें उपायुक्त के रूप में अनन्य मित्तल ने संभाला पदभार, सबके सहयोग से जिले के विकास की कही बात