न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला के हुसैनाबाद नगर पंचायत अंतर्गत अम्बेडकर चौक के समीप स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही का मामला सामने आने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने सख्त रुख अपनाया है.उन्होंने असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पलामू को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है. पत्र में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 09 अप्रैल 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे किए गए निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र पर न तो डॉक्टर मौजूद थे, न एएनएम और न ही पैथोलॉजी कर्मी उपस्थित पाए गए.
मौके पर केवल एक स्टाफ मिला, जो संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. नगर पंचायत अध्यक्ष ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि इससे हुसैनाबाद की जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में भारी परेशानी हो रही है. उन्होंने पत्र के माध्यम से अनुपस्थित कर्मियों को हटाने और उनके स्थान पर नए डॉक्टर, एएनएम व पैथोलॉजी स्टाफ की जल्द पदस्थापना करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो आम जनता के हित में आगे और कड़े कदम उठाए जाएंगे, वही दो स्टॉफ बायोमेट्रिक लगाने अनुमंडलीय अस्पताल जाने की बात सामने आयी, साथ ही नगर पंचायत अध्यक्ष ने अस्पताल के अंदर भवन का भी जायजा लिया.
यह भी पढ़ें: पिपरवार के बचरा साईडिंग में मजदूरों का आंदोलन हुआ शुरू, न्यूनतम मजदूरी की मांग को लेकर किया प्रदर्शन