राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत
चंदवा/डेस्क: टोरी रेलवे फाटक पर वर्षों से लंबित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को आजसू पार्टी ने टोरी में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. पार्टी नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार, रेलवे प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 45 दिनों के भीतर आरओबी निर्माण पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो टोरी जंक्शन पर मालवाहक ट्रेनों का चक्का जाम किया जाएगा.
धरना की अध्यक्षता आजसू जिलाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने की, जबकि संचालन प्रखंड अध्यक्ष विवेक दुबे उर्फ राजा ने किया. जिलाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने कहा कि वर्षों से बंद रेलवे फाटक और जाम की समस्या से क्षेत्र की जनता परेशान है, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान आरओबी निर्माण का वादा किया गया था, लेकिन दो वर्ष बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका, जिससे लोगों में नाराजगी है.
उन्होंने कहा कि आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के नेतृत्व में आंदोलन का निर्णय लिया गया है. शांतिपूर्ण धरना के माध्यम से रेलवे प्रशासन, सांसद और विधायक को अंतिम चेतावनी दी गई है कि 45 दिनों के भीतर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो हजारों समर्थकों के साथ टोरी जंक्शन पर मालवाहक ट्रेनों का चक्का जाम किया जाएगा. इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों की होगी.
आजसू के जिला प्रवक्ता संजीव कुमार ने कहा कि जनता को तकनीकी या विभागीय विवादों से कोई सरोकार नहीं है. लोगों की एकमात्र मांग आरओबी का शीघ्र निर्माण है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं.
प्रखंड अध्यक्ष विवेक दुबे उर्फ राजा ने कहा कि आरओबी का शिलान्यास होने के बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होना क्षेत्रवासियों के साथ अन्याय है. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल समाधान निकालने की मांग की. धरना समाप्त होने के बाद आजसू नेताओं ने मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे के नाम संबोधित ज्ञापन टोरी स्टेशन अधीक्षक रंजीत कुमार को सौंपा. धरना कार्यक्रम में शंकर उरांव, मुकेश यादव, विनोद सिंह, पंकज जायसवाल, विकास साहू, भरत उरांव, सरोज लोहरा, अभय गिरी, विवेक कुमार, चंचल सिंह, सद्दाम अंसारी, वीरेंद्र ठाकुर, अमर उरांव, विकास कुमार, आशीष सिंह, निखिल कुमार सहित सैकड़ों आजसू कार्यकर्ता मौजूद रहे.