प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बरवाडीह प्रखंड प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ कार्य में जुट गया है. 30 जून से 29 जुलाई तक चलने वाले गणना प्रपत्र अभियान के तहत शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी रेश्मा रेखा मिंज ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों, प्राप्त गणना प्रपत्रों एवं अभिलेखों की जांच की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.बीडीओ ने बीएलओ को निर्देश दिया कि प्रत्येक घर तक पहुंचकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएं तथा मतदाताओं को उसे सही तरीके से भरने में सहयोग करें. उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए तथा सभी प्रपत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर संग्रहित कर जमा कराए जाएं.
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने मतदाताओं से बातचीत कर अभियान की जानकारी दी और उनसे सक्रिय सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है. बीडीओ रेश्मा रेखा मिंज ने कहा सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण कर रहे हैं और मतदाताओं को उसे भरने में सहयोग कर रहे हैं. 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र नागरिक समय पर अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं. सही जानकारी मिलने से मतदाता सूची अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनेगी. हमारा प्रयास है कि एक भी योग्य मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे.उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे बीएलओ का सहयोग करें और 30 जून से 29 जुलाई तक चलने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं. निरीक्षण के दौरान बीएलओ, संबंधित कर्मी एवं बड़ी संख्या में मतदाता उपस्थित थे.