न्यूज़11 भारत
खूंटी/डेस्क: सरकारी बिजली तार चोरी कर ले जा रहे एक पिकअप वाहन को खूँटी पुलिस ने तोरपा थाना क्षेत्र में पकड़ लिया. पुलिस ने वाहन से 19 बंडल एल्युमिनियम के सरकारी बिजली तार बरामद किए हैं. मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने मामले की जानकारी दी. एसपी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:10 बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन संख्या JH01CZ 2836 में सरकारी बिजली का तार चोरी कर गुमला से तोरपा की ओर ले जाया जा रहा है. सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया.
दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छाता नदी पुल पार कर रोड तोरपा पहुंचकर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान सफेद रंग के पिकअप वाहन को आते देख पुलिस ने उसे रोक लिया. चालक से पूछताछ में उसने अपना नाम विकास चन्द्र रवि (35) बताया. वह गुमला जिले के गुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबुआ पंचायत के गिन्डरा कुम्हार टोली का रहने वाला है. वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 19 बंडल एल्युमिनियम के सरकारी बिजली तार बरामद हुए. पुलिस ने तार को जब्त करते हुए आरोपी विकास चन्द्र रवि को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ घाघरा, गुमला और बड़ो थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं. छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार, सअनि हरी पिंगुवा तथा तोरपा थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे.