आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: दिन के करीब 11 बजे एक जंगली हाथी बोलबा नीचे बाजार स्थित समसेरा मोड़ की ओर से प्रखंड मुख्यालय की तरफ बढ़ा. हाथी को देखकर आसपास के लोगों में हलचल मच गई और देखते ही देखते उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगली हाथी समसेरा मोड़ से होते हुए ब्लॉक क्वार्टर पहुंचा. इसके बाद वह प्रखंड कार्यालय परिसर के समीप से गुजरते हुए बैंक ऑफ इंडिया की ओर बढ़ा. वहां से हाथी बोलबा मुख्य सड़क होते हुए साप्ताहिक बाजार की दिशा में चला गया. कुछ समय तक हाथी के मुख्य सड़क और बाजार क्षेत्र में मौजूद रहने के कारण लोगों में भय के साथ-साथ उसे देखने की उत्सुकता भी बनी रही.बाद में जंगली हाथी साप्ताहिक बाजार क्षेत्र से निकलकर सरसलोंगरी गांव की ओर चला गया. हाथी के आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीण सतर्क हो गए. हालांकि इस दौरान किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है. ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही से लोगों में चिंता बनी रहती है. उन्होंने वन विभाग से हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने तथा उसे आबादी वाले क्षेत्रों से सुरक्षित रूप से भगाने की मांग की है. ग्रामीणों ने लोगों से भी हाथी के करीब नहीं जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन सिस्टम को लागू करने की मांग को लेकर रिम्स अराजपत्रित कर्मचारी संघ का धरना-प्रदर्शन शुरू