न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: राजगंज थाना क्षेत्र के लाल बाजार में रविवार की देर रात एक दुकान में चोरी और आगजनी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोर दुकान के पीछे का चदरा उखाड़कर अंदर दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद दुकान में आग लगा दी. घटना में करीब 60 से 70 हजार रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान लगाया गया है.
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात करीब 1:30 बजे लाल बाजार निवासी नांटू दे की दुकान में चोर पीछे की ओर से चदरा उखाड़कर दाखिल हुए. दुकान में रखे ब्रेड, कोलगेट, ब्रश समेत अन्य सामान आग की चपेट में आकर जल गए. वहीं दुकान में रखे करीब 7 हजार रुपये नगद चोरी होने की भी बात सामने आई है.
हालांकि दुकान में रखे तीन फ्रिज, कोल्ड ड्रिंक और एक बाइक आग की चपेट में आने से बच गए. आग की वजह से दुकान की पूरी वायरिंग जलकर क्षतिग्रस्त हो गई. दुकानदार के अनुसार, घटना में करीब 60 से 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है.
बताया जाता है कि रात में राजगंज पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को घटना की जानकारी मिली. सूचना मिलने के बाद दुकानदार और उनके परिजन मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग पर काबू पाया. इस दौरान पुलिस ने भी सहयोग किया.
दुकान खोलने पर अंदर सामान जला हुआ और बिखरा पड़ा मिला. सूचना पर राजगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. दुकानदार की ओर से थाने में घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: घाघरा के लेहा गांव के बाजारटांड़ में एक युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, घटन स्थल से पुलिस ने दो मोबाइल बरामद किए