न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: मामला लोहरदगा जिले के किस्को थाना क्षेत्र अंतर्गत कसियाडीह कुम्बा टोली गांव का है. जहाँ एक दर्दनाक हादसे में 47 वर्षीय किसान विनोद यादव की मौत हो गई. मृतक विनोद यादव स्वर्गीय पच्चू यादव के पुत्र बताए गए हैं. जानकारी के अनुसार बीते शनिवार दोपहर वे खेत में काम करने गए थे. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में खेत की ओर पहुंचे, जहां कुएं में उनका शव तैरता मिला. यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. घटना की सूचना मिलते ही किस्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. रविवार सुबह में आजसू नेता राजू गुप्ता के प्रयास से पोस्टमार्टम हुआ. जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस दौरान झारखंड दफादार चौकीदार पंचायत शाखा लोहरदगा के जिला अध्यक्ष शमसूल अंसारी एवं किस्को थाना के चौकीदार शिवलाल उरांव भी मौजूद रहे. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं कांग्रेस पार्टी के पाखर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढें: तिरुलडीह थाना परिसर में बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील