चंचल गिरी/न्यूज 11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा बाईपास स्थित झरना पड़ाव के समीप गुरुवार सुबह कोयला लदा एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे के बाद डंपर में रखा कोयला बड़ी मात्रा में पास के खेत में फैल गया. दुर्घटना के कारण कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
बताया जाता है कि सुबह के समय कोयला लेकर जा रहा डंपर अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क किनारे जाकर पलट गया. डंपर के पलटते ही उसमें लदा कोयला खेत में जा गिरा.
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने मिहिजाम थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन का निरीक्षण किया. पुलिस ने खेत में बिखरे कोयले की स्थिति का भी जायजा लिया.
पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ डंपर में लदे कोयले से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन कोयला कहां से लेकर निकला था और उसे कहां पहुंचाया जाना था.
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस की निगरानी में दुर्घटनाग्रस्त डंपर को हटाने और खेत में बिखरे कोयले को लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें: पिस्टल और उग्रवादी पर्चे सहित पकड़ाए पीएलएफआई के सदस्य को मिली 8 वर्ष कारावास और ₹20000 जुर्माने की सज़ा