संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र से इस वक्त की एक बेहद सनसनीखेज और दुखद खबर सामने आ रही है जहाँ शनिवार सुबह रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी डंडे और पत्थरों के साथ साथ खुलेआम गोलियां भी चलाई गईं. इस हिंसक झड़प और अंधाधुंध फायरिंग में 30 वर्षीय युवक सकेन्द्र चौधरी की मौत हो गई है जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार रामपुर गांव में करीब 95 डिसमिल जमीन को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसमें एक पक्ष मंटू सिंह इस जमीन को अपनी निजी संपत्ति बताकर बेचने की तैयारी में था जबकि दूसरा पक्ष चौधरी परिवार इसे सरकारी जमीन बताते हुए वर्षों से अपने कब्जे का दावा कर रहा था. यह विवाद शनिवार सुबह तब भड़का जब विवादित जमीन पर बनी एक विधवा महिला के मकान को कुछ लोगों ने ढहा दिया जिसके बाद दोनों पक्ष लाठी डंडों के साथ आमने सामने आ गए.
कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते रणक्षेत्र में बदल गया और हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग कर दी. गोली लगने और मारपीट में घायल सभी लोगों को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने सकेन्द्र चौधरी पिता मधु चौधरी को मृत घोषित कर दिया. वहीं इस खूनी हमले में 74 वर्षीय बुजुर्ग मधु चौधरी पिता भीखम चौधरी, 16 वर्षीय किशोर यशवंत कुमार पिता उदय चौधरी, संजय चौधरी और उदय चौधरी सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी लालजी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा लिया है और वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपियों तथा गोली चलाने वालों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: पेशरार में किसानों के मुद्दों को लेकर भाजपा का धरना-प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन