भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय प्रखंड के अहिल्यापुर स्थित मध्य विद्यालय में जर्जर भवन के नीचे छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने को मजबूर हैं. विद्यालय भवन की छत की ढलाई कई जगह से टूट चुकी है और छत का हिस्सा टूटकर नीचे गिर रहा है. इससे विद्यालय में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है. बताया जाता है कि एक बार छत का मलबा गिरने के दौरान छात्र-छात्राएं बाल-बाल बच गये थे.
विद्यालय में कक्षा एक से आठवीं तक की पढ़ाई होती है, जिसमें वर्तमान में 508 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं. इतने अधिक बच्चों के बीच जर्जर भवन में कक्षाएं संचालित होने से अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन की चिंता बढ़ गयी है. विद्यालय में सात शिक्षक और एक शिक्षिका कार्यरत हैं.
विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि भवन की स्थिति काफी खराब हो चुकी है. छत की ढलाई जगह-जगह से टूट रही है और कभी भी इसका कोई हिस्सा गिर सकता है. बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विद्यालय प्रबंधन चिंतित है.
एसएमसी सदस्य राजदीपा कुमार समेत विद्यालय के शिक्षकों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से विद्यालय भवन का जल्द निरीक्षण कराकर जर्जर हिस्से की मरम्मत कराने अथवा आवश्यकतानुसार भवन का जीर्णोद्धार कराने की मांग की है. शिक्षकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, इसलिए किसी अनहोनी से पहले विद्यालय भवन को दुरुस्त कराया जाना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: मनरेगा में रिश्वत का खेल बेनकाब: पालकोट में BPO हरीश प्रजापति ACB के हत्थे चढ़े