संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो आगामी 28 मई को पलामू के दौरे पर रहेंगे. इस संबंध में जानकारी देते हुए जदयू के पलामू जिला अध्यक्ष मनोज कुमार दुबे ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष का आगमन 27 मई की शाम को ही हो जाएगा, जिसके बाद वे स्थानीय परिसदन (सर्किट हाउस) में रात्रि विश्राम करेंगे. अगले दिन, यानी 28 मई को सुबह 11:00 बजे से परिसदन के मीटिंग हॉल में पलामू प्रमंडल स्तरीय एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पलामू प्रमंडल के तहत आने वाले तीनों जिलों—पलामू, गढ़वा और लातेहार के पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे और संगठन को धरातल पर अधिक सक्रिय व दुरुस्त बनाने के लिए अपने आवश्यक सुझाव व दिशा-निर्देश देंगे.
इस प्रमंडलीय बैठक में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री श्रीमती सुधा चौधरी भी उपस्थित रहेंगी. जिला अध्यक्ष मनोज कुमार दुबे ने पलामू, गढ़वा और लातेहार के सभी जिला पदाधिकारियों, प्रखंड अध्यक्षों, राज्य परिषद के सदस्यों और क्षेत्र में रहने वाले सभी प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों से समय पर बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आग्रह किया है.
प्रदेश अध्यक्ष के इस आगमन और कार्यक्रम को पूरी तरह सफल बनाने के उद्देश्य से आज पलामू स्थित जदयू जिला कार्यालय में एक तैयारी बैठक भी आयोजित की गई. इस तैयारी बैठक में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री सुधा चौधरी, जिला अध्यक्ष मनोज कुमार दुबे, उपाध्यक्ष अवध किशोर सिंह, ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद, राज्य परिषद सदस्य नितेश्वर कुमार मेहता, सुरेंद्र कुमार यादव, पाटन प्रखंड अध्यक्ष निराला सिंह, नवल तिवारी और राजपति प्रजापति सहित कई प्रमुख पार्टी कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: इबोला वायरस को लेकर WHO के माथे से आया पसीना, आम आदमी के माथे से टपकने लगा है! घनी आबादी तक पहुंचा नया स्ट्रेन