संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के नेता सूर्यांश प्रताप सिंह के नेतृत्व में मेदिनीनगर नगर निगम की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस डाल्टनगंज विधानसभा अध्यक्ष शोएब अख्तर ने की, जबकि मंच संचालन युवा नेता आदिल गनी ने किया.
धरना प्रदर्शन में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक उपस्थित रहे. इसके अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता शमीम अहमद राईन, ईश्वरी प्रसाद सिंह, खुर्शीद आलम और अजय साहू समेत कई अन्य नेता भी शामिल हुए.
भाजपा जनप्रतिनिधियों और विधायक आलोक चौरसिया पर सवाल
जनसभा को संबोधित करते हुए बिट्टू पाठक ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में भाजपा के सांसद, विधायक और मेयर हैं, लेकिन इसके बावजूद विकास का कोई ठोस असर धरातल पर नजर नहीं आ रहा है.
डाल्टनगंज विधानसभा के अंतर्गत आने वाले सभी 35 वार्डों की स्थिति का जिक्र करते हुए बिट्टू पाठक ने स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया से जवाब मांगा. उन्होंने पूछा कि अगर सच में क्षेत्र में विकास हुआ है, तो आम जनता को बेहतर सड़कों, व्यवस्थित नालियों, पेयजल आपूर्ति और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत क्यों नहीं मिल पा रही है? बिट्टू पाठक ने विधायक से मांग की कि वे अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का पूरा हिसाब जनता के समक्ष सार्वजनिक करें.
मेयर की कार्यशैली पर सूर्यांश प्रताप सिंह का हमला
झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के नेता सूर्यांश प्रताप सिंह ने मेदिनीनगर नगर निगम की मेयर अरुणा शंकर की कार्यशैली पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि शाहपुर समेत कई इलाकों में जलभराव, पीने के पानी की किल्लत और स्ट्रीट लाइटों की बदहाली जैसी समस्याएं गंभीर बनी हुई हैं, लेकिन निगम प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय सक्रिय दिखाई देते हैं और चुनाव खत्म होते ही जनता की सुध लेना भूल जाते हैं.
शहर की स्थिति और राजनीतिक गर्माहट
मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में आज भी मूलभूत ढांचागत सुविधाओं को लेकर स्थानीय निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि निगम बोर्ड का दावा है कि शहर के कायाकल्प के लिए हाल ही में 76 नई विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई है. युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है और अब इस पूरे मामले पर विधायक आलोक चौरसिया की प्रतिक्रिया का इंतजार है.
धरना-प्रदर्शन के दौरान युवा नेता कृष्णकांत सिंह, आकाश सिंह, प्रियांशु सिंह, टोनू सिंह, रोहित सिंह, छोटू शान, गुड्डू खान, अंकित रवि सिंह और अवनीश सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: आपसी विवाद में मारपीट के आरोपी दीपक सिंह को मोहम्मदगंज पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल