न्यूज़11 भारत
नई दिल्ली/डेस्क: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो शनिवार को भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अहम मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सुरक्षा, व्यापार, उभरती तकनीकों और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई. यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक आयोजित की जा रही है. हालांकि, आधिकारिक तौर पर यात्रा का मुख्य उद्देश्य इसी बैठक में भाग लेना है, लेकिन राजनीतिक और रणनीतिक स्तर पर इसे भारत-अमेरिका संबंधों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
विदेश मंत्री पद संभालने के बाद मार्को रुबियो की यह पहली भारत यात्रा
फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच हुई बैठक के बाद यह पहला अवसर है जब अमेरिकी विदेश मंत्री भारत आए हैं.विदेश मंत्री पद संभालने के बाद मार्को रुबियो की यह पहली भारत यात्रा भी मानी जा रही है. अपने दौरे के दौरान रुबियो दिल्ली के अलावा कोलकाता, जयपुर और आगरा का भी दौरा करेंगे. जानकारों का मानना है कि अमेरिका भारत के साथ रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में नए कदम बढ़ा रहा है.
एक घंटे तक चली बैठक
दिल्ली में हुई बैठक करीब एक घंटे तक चली, जिसमें दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, व्यापारिक संबंधों को विस्तार देने और क्रिटिकल टेक्नोलॉजी में साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया. इसके साथ ही इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में समुद्री मार्गों की सुरक्षा और स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई. दोनों देशों ने क्षेत्रीय सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने और साझा वैश्विक चुनौतियों से मिलकर निपटने की प्रतिबद्धता दोहराई. बैठक में यह भी विचार किया गया कि भारत और अमेरिका नई तकनीकों और निवेश के क्षेत्र में सहयोग को किस तरह नई गति दे सकते हैं.
क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे रुबियो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत और अमेरिका वैश्विक कल्याण और साझा हितों के लिए आगे भी साथ मिलकर काम करते रहेंगे. रुबियो अपने भारत दौरे के अगले चरण में जयपुर और आगरा में विभिन्न संस्थानों और प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वह 26 तारीख को होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे, जहां क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और वैश्विक चुनौतियों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
PM मोदी को अमेरिका आने का न्योता
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने PM मोदी को अमेरिका आने का निमंत्रण दिया है. माना जा रहा है कि यह दौरा भारत-अमेरिका संबंधों को नई दिशा देने की कोशिश का हिस्सा होगा. PM मोदी के साथ हुई इस बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल और अमेरिकी राजदूत शामिल हुए.
यह भी पढ़ें- नई दिल्ली में AICC के राष्ट्रीय सलाहकार परिषद-अल्पसंख्यक विभाग की बैठक, देशभर से आए नेताओं ने लिया भाग