न्यूज़11 भारत
पटना/डेस्क: समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी द्वारा मतदान के बाद दोनों हाथों की उंगलियों पर स्याही लगाए जाने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है. इस पर पटना के जिला पदाधिकारी (DM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पोस्ट के माध्यम से स्थिति स्पष्ट की है.
डीएम ने बताया कि यह मामला 182-बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 61, सेंट पॉल्स प्राइमरी स्कूल, बुद्धा कॉलोनी का है. जांच में पता चला कि मतदान केंद्र पर ड्यूटी में तैनात स्याही लगाने वाले कर्मी से भूलवश दाहिने हाथ की उंगली पर स्याही लगा दी गई थी. बाद में पीठासीन पदाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद बाएं हाथ की उंगली पर भी स्याही लगाई गई.
डीएम ने अपने पोस्ट में स्पष्ट किया कि शांभवी चौधरी ने केवल एक बार ही मतदान किया. उन्होंने 182-बांकीपुर विधानसभा के उक्त मतदान केंद्र की मतदाता सूची क्रमांक 275 पर मतदान किया है. प्रशासन ने इस घटना को महज एक मानव त्रुटि करार दिया है और बताया कि इससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता या विश्वसनीयता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है.
ये भी पढ़ें- अब बच्चे भी कर सकेंगे ऑनलाइन पेमेंट, बिना बैंक अकाउंट के काम करेगा UPI, पढ़ें पूरी डिटेल्स