न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर मुंबई कस्टम्स ज़ोन-III के अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 से 21 अक्टूबर 2025 के दौरान दो अलग-अलग मामलों में कुल 19.786 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) जब्त किया है. बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹19.78 करोड़ बताई जा रही है. इस मामले में कस्टम अधिकारियों ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
हांगकांग से मुंबई आने वाली फ्लाइट CX-663
पहला मामला हांगकांग से आई एक फ्लाइट में पकड़ा गया. गुप्त सूचना के आधार पर, कस्टम अधिकारियों ने हांगकांग से मुंबई आने वाली फ्लाइट CX-663 के दो यात्रियों को रोका. जांच के दौरान, दोनों यात्रियों के चेक-इन ट्रॉली बैग से 7.864 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुआ, जिसे बैग के अंदर बारीकी से छिपाया गया था.
11.922 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद किया गया
वहीं, दूसरा मामला एक अन्य गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सामने आया. कस्टम अधिकारियों ने बैंकॉक से मुंबई आने वाली फ्लाइट 6E-1052 के एक यात्री को रोका. जांच में उसके चेक-इन बैग से 11.922 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 11.92 करोड़ आंकी गई है.
गिरफ्तारी और आगे की जांच
तीनों यात्रियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेस एक्ट (NDPS Act), 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है. मुंबई कस्टम्स ज़ोन-III ने बताया कि दोनों मामलों में जांच जारी है और अधिकारी नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन व नेटवर्क का पता लगाने में जुटे हैं, जिसके बाद तस्करों की बड़ी पैमाने पर गिरफ्तारियां हो सकती हैं. कस्टम अधिकारियों की मुस्तैदी और सतर्कता की वजह से एयरपोर्ट पर करोड़ों की ड्रग्स जब्त की गई है.
यह भी पढ़े: पटना के लिए उड़े विमान में खराबी, दिल्ली से टेकऑफ के बाद दोबारा उतारा गया