न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: दिल्ली से सीतापुर जा रही एक डग्गामार डबल डेकर बस में बुधवार सुबह यूपी के लखीमपुर जिले में मैगलगंज मुख्य चौराहे पर भीषण आग लग गई. देखते ही देखते पूरी बस आग का गोला बन गई. गनीमत रही कि बस में सवार 70 से अधिक यात्रियों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस मैगलगंज में सवारियां उतारने और जलपान के लिए रुकी थी. इसी दौरान अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं उठना शुरू हो गया, और कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की. हालांकि, बस की खिड़की से कूदने के प्रयास में छह यात्रियों को चोटें आई हैं. इन घायल यात्रियों को उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से पसगवां और मितौली सीएचसी भेजा गया.
यात्रियों के बाहर आते ही पूरी बस जलकर खाक हो गई. आग इतनी भीषण थी कि सूचना दिए जाने के डेढ़ घंटे बाद दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही बस पूरी तरह जल चुकी थी. यात्रियों का सारा सामान भी आग की चपेट में आकर स्वाहा हो गया.
इंस्पेक्टर ने बताया कि प्राथमिक अनुमान के अनुसार, आग लगने का कारण बस में शॉर्ट सर्किट या आतिशबाजी होना बताया जा रहा है. हालांकि, घटना स्थल से पेट्रोमेक्स सिलेंडर भी बरामद हुए हैं. पुलिस ने बताया कि बस में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है और मामले में जांच की जा रही है. उन्होंने पुष्टि की कि सभी यात्री सुरक्षित बचा लिए गए हैं. पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह भी पढ़े: नवादा में अज्ञात लोगों ने एक घर में लगाई आग, एक मोटरसाइकिल और कई महत्वपूर्ण सामान जलकर राख