न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: देश के अधिकांश राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया जोरशोर से चल रही है. इस बीच एक खबर आ रही है कि SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग के भीतर ही सबकुछ ठीक नहीं है. पिछले दिनों चुनाव आयोग ने जो फैसले लिए हैं, उसको लेकर चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और चुनाव आयुक्त विवेक जोशी उससे सहमत नहीं है, और उन्होंने कई बार अपनी लिखित आपत्तियां दर्ज भी कराई हैं. जिन विषयों को लेकर चुनाव आयुक्तों ने आपत्तियां जताई हैं, वे नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची से नाम हटाने के साथ चुनावी प्रक्रिया में किए गए कुछ बदलावों को लेकर हैं.
खबरों के अनुसार, चुनाव आयुक्तों ने Form 6 में किए गए बदलाव पर सवाल उठाए थे. फॉर्म में SIR से जुड़े जो कुछ सवाल जोड़े गए थे दोनों आयुक्तों ने इन्हें हटाने की बात कही थी.
हालांकि आयोग ने आपस में किसी प्रकार के मतभेद से इनकार किया है, उसका कहना है कि SIR समेत तमाम फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं. बता दें कि इस समय चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार हैं. चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और चुनाव आयुक्त विवेक जोशी शामिल हैं.
यह खबर सामने आने के बाद विपक्ष को फिर एक बार मुद्दा मिल गया है. विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर सवाल उठाने लगे हैं. इतना ही नहीं, विपक्षी नेता ने CEC ज्ञानेश कुमार को ही हटाने और SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की मांग करने लगे हैं. विपक्ष अब इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी जाने को तैयार है.