न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद प्यारा और दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जहां एक ब्रिटिश युवक अपनी पत्नी की 89 साल की परदादी से पहली बार मिलता नजर आ रहा है. खास बात यह है कि दोनों की भाषा पूरी तरह अलग है और वे एक-दूसरे की बात ठीक से समझ भी नहीं पाते. लेकिन इसके बावजूद उनके बीच का जुड़ाव लोगों का दिल जीत रहा है. मुलाकात के दौरान युवक झुककर परदादी के पैर छूता है और उनसे आशीर्वाद लेता है. वहीं परदादी भी उसे प्यार से आशीर्वाद देती हैं.
यह छोटा सा पल इतना भावुक है कि सोशल मीडिया यूजर्स इसे बार-बार देख रहे हैं. वीडियो में लिखा है कि हमारी भाषा अलग है, लेकिन हमारे बीच प्यार और सम्मान है. इसी एक पल में वह विदेशी नहीं बल्कि परिवार का हिस्सा बन जाता है. सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को लेकर कह रहे हैं कि सम्मान ही सबसे बड़ी भाषा होती है और यही सच्चाई भी है. जब दिल साफ हो तो न भाषा मायने रखती है और न ही देश. यह वीडियो एक बार फिर हमें यही सिखाता है कि प्यार और सम्मान हर दीवार को तोड़ सकते हैं.