न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: पटना जिले के मसौढ़ी में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. पुलिस की डायल 112 गाड़ी को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी में सवार तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन भागने के दौरान ट्रक पुल से टकरा गई और उसमें आग लग गई. हालांकि इस भीषण हादसे में पुलिसकर्मियों की जान बाल-बाल बच गई.
घटना शनिवार सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार डायल 112 की पुलिस टीम किसी शिकायत की सूचना पर भाखरी गांव की ओर जा रही थी. इसी दौरान पटना-गया एनएच-1 पर भाखरी मोड़ के पास पीछे से तेज गति में आ रहे एक ट्रक ने पुलिस की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क किनारे जाकर पलटते-पलटते लुढ़क गई. हादसे के वक्त गाड़ी में तीन पुलिसकर्मी सवार थे. टक्कर लगते ही तीनों को चोटें आईं, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार कराया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक घबरा गया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा. तेज रफ्तार में भागते समय ट्रक कुछ ही दूरी पर स्थित पुल से टकरा गई. टक्कर के बाद ट्रक की तेल टंकी में रिसाव होने लगा, जिसके कारण देखते ही देखते ट्रक में आग लग गई. आग लगते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. हालांकि पुलिस ने ट्रक पर सवार खलासी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है ताकि फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। तब तक ट्रक का बड़ा हिस्सा जल चुका था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क पर यातायात को भी बहाल कराया. इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए पटना-गया एनएच-1 पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सुबह का समय होने के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. यदि उस समय ट्रैफिक ज्यादा होता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी.
घटना के संबंध में डायल 112 में तैनात पुलिसकर्मी ने बताया कि वे लोग शिकायत मिलने के बाद भाखरी की ओर जा रहे थे. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी. टक्कर के बाद गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और वे लोग घायल हो गए. बाद में जानकारी मिली कि ट्रक आगे जाकर पुल से टकरा गई और उसमें आग लग गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार ट्रक चालक की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है. साथ ही ट्रक के नंबर के आधार पर उसके मालिक की भी पहचान की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक चालक नशे में था या तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते है. भाखरी मोड़ के पास कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां ट्रैफिक नियंत्रण के लिए ठोस व्यवस्था नहीं की गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. वहीं ट्रक में लगी आग बुझने के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया. इस भीषण घटनाक्रम में सबसे राहत की बात यह रही कि पुलिस जीप में सवार तीनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए. यदि टक्कर की तीव्रता और ज्यादा होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. पुलिस अब फरार ट्रक चालक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.
यह भी पढ़े: घर में PNG कनेक्शन है? अब नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर, सरकार ने लिया बड़ा फैसला