न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अभिषेक, पटना) बिहार में हाल ही में रद्द हुई BPSC AEDO परीक्षा को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज है। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव ने आयोग के इस फैसले का पुरजोर समर्थन किया है। न्यूज़ 11 से विशेष बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित इस परीक्षा में अनियमितता का पाया जाना एक गंभीर विषय था। जैसे ही सरकार और आयोग को गड़बड़ी की भनक लगी, बिना देरी किए इसे रद्द करने का फैसला लिया गया। रामकृपाल यादव ने साफ किया कि एनडीए सरकार युवाओं के भविष्य और परीक्षाओं की शुचिता को लेकर बेहद संवेदनशील है। उन्होंने इसे सरकार का एक साहसिक और स्वागत योग्य कदम बताया, जिससे यह संदेश जाता है कि व्यवस्था में किसी भी तरह की धांधली के लिए कोई जगह नहीं है।
अपराधियों को पाताल से भी ढूंढेगी सरकार
गया में अपराधियों के खिलाफ मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सख्त बयान पर सहमति जताते हुए रामकृपाल यादव ने कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अपराधी चाहे किसी भी कोने में छिपा हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने अपराधियों को उनके बिलों में घुसाने का काम शुरू कर दिया है और अब उनका 'पिंडदान' होना तय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी राज्य की शांति और विकास में बाधक बनेगा, उसे कानून के दायरे में लाकर सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। उनके अनुसार, बिहार में अब अपराधियों का राज नहीं बल्कि कानून का शासन चलेगा।
कांग्रेस और तेजस्वी के आरोपों पर करारा पलटवार
उत्तर प्रदेश और दिल्ली की घटनाओं को लेकर विपक्ष द्वारा की जा रही राजनीति पर भी रामकृपाल यादव ने तीखा हमला बोला। तेजस्वी यादव के ट्वीट और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार हर समाज और हर वर्ग के हितों की रक्षा करती है। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिस पार्टी ने 60 सालों तक देश और बिहार पर शासन किया, उसने कभी बिहारियों की बेरोजगारी दूर करने के लिए ठोस काम नहीं किया। आज जो युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं, उसके लिए कांग्रेस की गलत नीतियां ही जिम्मेदार हैं।
बिहार में ही मिलेगा युवाओं को सम्मानजनक रोजगार
बातचीत के अंत में रामकृपाल यादव ने बिहार के युवाओं को भरोसा दिलाया कि एनडीए सरकार का मुख्य लक्ष्य राज्य के भीतर ही रोजगार के पर्याप्त अवसर सृजित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी योजनाएं और उद्योग लाने पर काम कर रही है जिससे बिहार के प्रतिभावान युवाओं को बाहर न जाना पड़े। वह दिन दूर नहीं जब 'बिहार में बिहारी' ही काम करेंगे और राज्य की प्रगति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। सरकार की नीतियां अब धीरे-धीरे धरातल पर दिखने लगी हैं और आने वाला समय युवाओं के लिए उज्जवल होगा।