इन्द्रदेव/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: अवैध हथियार रखे जाने की सूचना पर सहरसा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गौतम नगर वार्ड संख्या 15 में गुरुवार को पुलिस ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया. सूचना की गंभीरता को देखते हुए मधेपुरा और सहरसा जिला पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया था.
गुरुवार दोपहर मधेपुरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार एक अपराधी को सहरसा लाया गया उसी की निशानदेही पर गौतम नगर निवासी अभिजीत सिंह के घर एवं आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया. पुलिस टीम ने घर के सभी कमरों, अलमारियों, छत, आंगन सहित हर संभावित ठिकाने की बारीकी से जांच की. हालांकि घंटों चली तलाशी के बावजूद पुलिस को मौके से कोई भी अवैध हथियार या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हो सकी, जिसके बाद टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा.
इस संबंध में साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि मधेपुरा जिले में गिरफ्तार अपराधी से प्राप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई थी. उन्होंने कहा कि पुलिस हर सूचना को गंभीरता से लेती है और उसी के अनुरूप कार्रवाई करती है. फिलहाल छापेमारी में कुछ भी बरामद नहीं हुआ है, लेकिन पूरे मामले की जांच जारी है. डीएसपी ने यह भी बताया कि अब सूचना देने वाले अपराधी के बयान की दोबारा समीक्षा की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि पुलिस को गुमराह तो नहीं किया गया. छापेमारी के बाद गौतम नगर इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़े: Bihar Weather: कोहरे के साथ बदलेगा मौसम का मिजाज, फरवरी की शुरुआत में बारिश के संकेत, तापमान में होगी बढ़ोतरी