न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अभिषेक कुमार/ पटना: पटना के रामकृष्णानगर स्थित आभूषण दुकान में हुई डकैती मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले को लेकर बुधवार सुबह बेउर इलाके के कृषि फार्म परिसर में हुई मुठभेड़ में वारदात का मुख्य आरोपी दिलीप गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल
पटना एसएसपी कार्तिके शर्मा ने बताया कि डकैती कांड का खुलासा करने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। छानबीन के दौरान पुलिस ने उदित नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उससे हुई पूछताछ में दिलीप और रोहन का नाम सामने आया। इसके बाद दोनों को पकड़ा गया तो उन दोनों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकारी। दिलीप को पुलिस जब घटनास्थल पर लेकर गई तो उसने भागने की कोशिश की और कट्टा से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दिलीप के पैर में गोली लग गई।
आम के पेड़ के नीचे बांटे थे लूट के गहनें
पूछताछ में दिलीप ने बताया कि डकैती के बाद सभी आरोपी बाइक से बेउर के कृषि फार्म पहुंचे थे, जहां आम के पेड़ के नीचे लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया और हथियार छिपा दिए गए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने7.6 एमएम की गोली, जिंदा कारतूस, खोखा और एक कट्टा बरामद किया है।
अन्य आरोपितों की खोजबीन जारी
एसएसपी ने बताया कि डकैती में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।