MY Bharat Budget Quest 2026 पटना में PM नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद में दे...

MY Bharat Budget Quest 2026 पटना में PM नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद में देश भर के 15,000 से अधिक युवा होंगे सहभागी

पटना में 12-13 अप्रैल को 'MY Bharat Budget Quest 2026' का आयोजन होगा। 12 लाख युवाओं की भागीदारी वाले इस बड़े कार्यक्रम का समापन 13 अप्रैल को पीएम मोदी के वर्चुअल संवाद के साथ होगा।

my bharat budget quest 2026 पटना में pm नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद में देश भर के 15000 से अधिक युवा होंगे सहभागी

युवाओं को नीति-निर्माण प्रक्रिया से जोड़ने की पहल, देश भर से 12 लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी होगी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), बिहार  द्वारा MY Bharat Budget Quest 2026 का आयोजन दिनांक 12–13 अप्रैल, 2026 को ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में किया जा रहा है। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित होकर युवाओं को संबोधित करेंगे तथा उन्हें प्रेरित करेंगे।

 मेरा युवा भारत (MY Bharat), बिहार के राज्य निदेशक कपिल देव राम ने बताया की यह कार्यक्रम उन युवा प्रतिभाओं को एक मंच पर एकत्रित करता है, जिन्होंने एक चुनौतीपूर्ण बहु-स्तरीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त की है और जो अब एक महत्वपूर्ण अवसर के सहभागी बनने जा रहे हैं।

उन्होंने यह जानकारी दी की कार्यक्रम के अंतर्गत दो दिवसीय विचार-विमर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे जिनमें शिक्षाविदों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों तथा विषय विशेषज्ञों द्वारा केंद्रीय बजट 2026 से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम का समापन 13 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आयोजित वर्चुअल संवाद के साथ होगा। इस अवसर पर देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करते हुए 17 विभिन्न स्थानों से 15,000 से अधिक युवा प्रतिभागी जुड़ेंगे। यह पहल भारत की ‘अमृत पीढ़ी’ की भावना को प्रतिबिंबित करती है—ऐसी पीढ़ी जो राष्ट्र की समृद्ध विरासत को संजोते हुए उसके भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

मेरा युवा भारत (MY Bharat) के माध्यम से आयोजित राष्ट्रीय स्तर के Budget Quest 2026 कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के बीच बजट के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनकी समझ विकसित करना तथा उन्हें नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। इस कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के वे युवा सहभागी बने, जिन्होंने MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

'आत्मनिर्भर भारत' की परिकल्पना पर आधारित यह पहल तीन चरणों में पूरी हुई। पहले चरण में एक राष्ट्रीय क्विज़ आयोजित की गई। पहले चरण के सफल प्रतिभागियों ने दूसरे चरण में नौ विकास विषयों पर आधारित एक निबंध प्रतियोगिता में भाग लिया। तीसरे और अंतिम चरण में प्रतिभागियों का  राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ एक संवाद होगा। देश भर में आयोजित इस कार्यक्रम में 12 लाख से अधिक युवाओं ने भागीदारी की तथा 46,50   0 से अधिक निबंध प्राप्त हुए। इस प्रकार यह पहल युवाओं को नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने वाले देश के सबसे बड़े कार्यक्रमों में से एक के रूप में उभरी है।

पटना में चयनित प्रतिभागी “विकसित कृषि: कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसान कल्याण का सुदृढ़ीकरण” तथा “मानव पूंजी: शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार में निवेश” जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ नीतिगत संवाद को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

यह दो दिवसीय कार्यक्रम प्रतिभागियों की सार्थक भागीदारी एवं संवाद को ध्यान में रखते हुए सुविचारित रूप से संरचित किया गया है। 12 अप्रैल 2026 को प्रतिभागी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपना पंजीकरण कराएंगे। इसके उपरांत दोपहर में विशेष रूप से ‘महिला युवा संसद’ का आयोजन किया जाएगा। 13 अप्रैल 2026 को कार्यक्रम की शुरुआत उद्घाटन समारोह से होगी। इसके पश्चात ‘MY Bharat सत्र’ तथा दो विशेषज्ञ पैनल चर्चाएं आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 13 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाला सत्र होगा, जिसमें बिहार से चयनित 838 प्रतिभागी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के शीर्ष प्रतिभागियों के साथ मिलकर केंद्रीय बजट के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

‘MY Bharat Budget Quest 2026’ का समापन समारोह युवाओं की भागीदारी और उनके विचारों को नीति विमर्श से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। पटना में विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागी ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य की दिशा में युवाओं की सहभागिता को रेखांकित करेंगे।

प्रमुख खबरें