न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा / पटना : पटना में रहने वाले आम आदमी की जेब पर आज महंगाई का एक बड़ा झटका लगा है। तेल कंपनियों द्वारा ईंधन की दरों में की गई वृद्धि ने आम जनता को हैरान कर दिया है। इंडियन ऑयल (IOC) द्वारा जारी नए आंकड़ों के अनुसार, पटना में पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।
नई कीमतें और रिकॉर्ड स्तर
इस अचानक आए उछाल के बाद, पटना के पेट्रोल पंपों पर नई दरें लागू हो गई हैं। अब यहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत पेट्रोल-108.67 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, डीजल की कीमत अब डीजल-94.65 रुपये प्रति लीटर के करीब दर्ज की जा रही है। जबकि प्रीमियम पेट्रोल-117.57 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
जनजीवन पर पड़ेगा गहरा असर
ईंधन के दामों में हुई इस वृद्धि का असर मध्यम वर्गीय परिवारों और दैनिक यात्रियों पर पड़ेगा। विशेषज्ञों की मानें तो डीजल महंगा होने से माल ढुलाई में इजाफा होगा, जिसका सीधा असर सब्जियों, अनाज और अन्य दैनिक उपभोग की वस्तुओं की कीमतों पर दिखना तय है। ऑटो और टैक्सी चालकों ने भी इस वृद्धि पर चिंता जताई है, जिससे शहर में सार्वजनिक परिवहन के किराए बढ़ने की भी आशंका है।