पटना में दिनदहाड़े HDFC बैंक की कैश वैन लूटने की कोशिश, एक अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

पटना के कदमकुआं में HDFC बैंक की कैश वैन लूटने की कोशिश नाकाम। पुलिस और जनता ने एक अपराधी को कट्टे के साथ दबोचा, दो फरार। सीसीटीवी फुटेज से जांच जारी।

By : Anshuman Parashar
पटना में दिनदहाड़े HDFC बैंक की कैश वैन लूटने की कोशिश, एक अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क ( रोहित, पटना)पटना के कदमकुआं थाना अंतर्गत आर गोलंबर रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े अपराधियों ने एचडीएफसी (HDFC) बैंक के पास खड़ी एक कैश वैन को अपना निशाना बनाने का प्रयास किया। हालांकि, स्थानीय लोगों की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और एक बड़ी लूट होने से बच गई।

लोडेड कट्टा और कारतूस के साथ एक दबोचा गया

कैश वैन लूटने की कोशिश कर रहे अपराधियों को जब स्थानीय लोगों और पुलिस ने घेरा, तो मौके से एक अपराधी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान पकड़े गए अपराधी के पास से एक कट्टा और तीन जिंदा कारतूस (गोली) बरामद किए गए हैं। पुलिस हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।

दो अपराधी फरार, सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस

इस वारदात में शामिल दो अन्य अपराधी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों के भागने की दिशा और उनकी पहचान का सटीक पता लगाया जा सके।