न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पटना के नए टर्मिनल भवन को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक वीडियो साझा करते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के नए टर्मिनल में कुछ जगहों पर टाइल्स गिरने लगी हैं। उनका कहना है कि हाल ही में बने इस भवन में इस तरह की खामियां चिंता का विषय हैं।
हाईलाइट्स-
- तेजस्वी यादव ने पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल पर उठाए सवाल
- टाइल्स गिरने का वीडियो शेयर कर निर्माण गुणवत्ता पर निशाना
- 29 मई 2025 को PM मोदी ने किया था उद्घाटन
- “अर्धनिर्मित” और जल्दबाज़ी में काम पूरा करने का आरोप
- यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जताई गंभीर चिंता
- सोशल मीडिया पर मामला तेजी से वायरल
हाल ही में हुआ था उद्घाटन
गौरतलब है कि इस नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन 29 मई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किया गया था। उद्घाटन के कुछ समय बाद ही इस तरह के आरोप सामने आने से मामला चर्चा में आ गया है।
अर्धनिर्मित’ बताकर साधा निशाना
अपनी पोस्ट में तेजस्वी यादव ने लिखा कि चुनाव से पहले जल्दबाज़ी में निर्माण कार्य पूरा किया गया और इसे “अर्धनिर्मित” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण और कथित भ्रष्टाचार के कारण जनता के पैसे का दुरुपयोग हुआ है। साथ ही साथ तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि अगर ये टाइल्स किसी यात्री या कर्मचारी पर गिरतीं, तो गंभीर हादसा हो सकता था। उन्होंने इस मुद्दे को यात्रियों की सुरक्षा से जोड़ते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।
पटना एयरपोर्ट टर्मिनल में निर्माण पर सवाल ।
सोशल मीडिया पर गरमाया मामला
यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस दावे पर अब तक सरकार या एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आनी बाकी है।
इसे भी पढ़ें - दरभंगा में संजय सरावगी का दावा: पश्चिम बंगाल में इस बार बनेगी बीजेपी की सरकार